नशा मुक्ति की राह पर एक साल: मां किरण केंद्र की पहली वर्षगांठ पर जश्न

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)

एक साल में कई जिंदगियां बदलीं: मां किरण नशा मुक्ति केंद्र बना उम्मीद की किरण

उदाकिशुनगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित वार्ड संख्या 4 में संचालित मां किरण नशा मुक्ति केंद्र की पहली वर्षगांठ शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर केंद्र परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। उपस्थित अतिथियों ने केंद्र के एक वर्ष पूरे होने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इसके सफल संचालन की सराहना की।मुख्य पार्षद प्रतिनिधि टीपू मिश्रा ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है। ऐसे में मां किरण नशा मुक्ति केंद्र द्वारा एक वर्ष में कई लोगों को नई जिंदगी देने का कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज के लिए बेहद आवश्यक हैं और आगे भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।केंद्र के संचालक रजनीकांत ठाकुर ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य नशे की लत से जूझ रहे लोगों को सही मार्ग दिखाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष के दौरान कई सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जो आगे बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम के दौरान केंद्र से लाभान्वित लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किए और नशा छोड़कर नई जिंदगी शुरू करने की बात कही।अंत में सभी अतिथियों ने केंद्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।मौके पर टीपू मिश्रा, डॉ. पी आलम, विनोद विनीत, प्रिंस कुमार मिट्ठू, गंगेश झा, रणधीर कुमार, विकास कुमार, गौरव कुमार, गौरव कबीर, मिथुन पासवान, वरदान विकास कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।