सुपौल | प्रिंस कुमार मिट्ठू ब्यूरो रिपोर्ट
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। मॉल में काम करने वाली दो युवतियों ने समाज की परंपराओं से हटकर आपसी सहमति से समलैंगिक विवाह कर लिया। इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के आदर्श मोहल्ला, वार्ड संख्या 18 का है, जहां किराये के मकान में रह रही पूजा कुमारी और काजल कुमारी ने मंगलवार देर शाम मेला ग्राउंड स्थित मंदिर में सात फेरे लिए। वीडियो में पूजा दूल्हे की भूमिका निभाते हुए काजल की मांग में सिंदूर भरती नजर आ रही हैं।बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। पहले चैट, फिर दोस्ती और देखते ही देखते यह रिश्ता प्यार में बदल गया। पिछले दो महीनों से दोनों साथ रह रही थीं और एक ही मॉल में काम करती हैं।पूजा और काजल का साफ कहना है कि उन्हें पुरुषों में कोई रुचि नहीं है। उनका रिश्ता भावनाओं और आपसी समझ पर टिका है। दोनों ने यह भी कहा कि भले ही समाज या कानून उन्हें मान्यता दे या न दे, लेकिन वे जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाएंगी।वीडियो वायरल होने के बाद त्रिवेणीगंज ही नहीं, पूरे सुपौल जिले में यह शादी चर्चा का विषय बन गई है। कोई इसे प्यार की आज़ादी बता रहा है, तो कोई सामाजिक मर्यादा से जोड़कर सवाल उठा रहा है। लेकिन इन तमाम चर्चाओं से बेपरवाह दोनों युवतियां अपने फैसले पर अडिग हैं।