ग्वालपाड़ा (मधेपुरा), प्रतिनिधि
।प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव करने के दौरान चालक का ध्यान भटक गया, जिससे यह हादसा हुआ।जानकारी के अनुसार, एनएच-106 पर एक अनियंत्रित हुंडई ऑरा कार (BR 43 AF 7497) अरार घाट पुल के दक्षिण-पश्चिम कोने पर टेलीफोन खंभे और एक दुकान को क्षतिग्रस्त करते हुए पेड़ के ऊपर से करीब 40 फीट नीचे सुरसर नदी में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार चारों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे से पहले फेसबुक लाइव और तेज रफ्तारघटना से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कार लगभग 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही है। गाड़ी के अंदर तेज आवाज में भोजपुरी गाना बज रहा था और सभी युवक मस्ती करते नजर आ रहे थे। बताया जाता है कि चालक का ध्यान सड़क के बजाय मोबाइल कैमरे पर था, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया।
मृतकों की पहचानहादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक पढ़े-लिखे थे और अपने भविष्य को लेकर प्रयासरत थे।अंकित कुमार (25), सुथनिया, सहरसा – B.Ed व CTET उत्तीर्ण, शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटे थे।बसंत कुमार (23), फोरसाहा, सहरसा – B.Ed द्वितीय वर्ष के छात्र थे।घनश्याम कुमार (28), भिरखी, मधेपुरा – पेशे से चालक थे और परिवार के एकमात्र भाई थे।शिव सागर कुमार, जपालपट्टी, मधेपुरा – दुर्घटनाग्रस्त कार के मालिक थे।
चश्मदीद की जानकारी
स्थानीय पान दुकानदार राजीव कुमार ने बताया कि रात में जोरदार आवाज सुनकर जब वे बाहर निकले तो देखा कि टेलीफोन पोल और दुकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका था। नीचे नदी में देखने पर कार का पिछला हिस्सा नजर आ रहा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही अरार थाना पुलिस, बीडीओ परमानंद पंडित और सीओ देवकृष्ण कामत मौके पर पहुंचे। रात करीब 2:30 बजे जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकाला गया। अगली सीट पर चालक सहित दो युवकों के शव मिले। शनिवार सुबह तीसरे युवक का शव बरामद हुआ, जबकि चौथे युवक की तलाश एसडीआरएफ टीम द्वारा की जा रही थी।
बताया जाता है कि चारों दोस्त ग्वालपाड़ा में आयोजित अखंड रामधुनी यज्ञ देखकर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।