गंगापुर पंचायत में कोसी नदी के कटाव से 500 एकड़ खेती योग्य भूमि पर संकट, डीएम से शीघ्र कार्रवाई की मांग

पूर्व विधायक प्रत्याशी ईं. नवीन कुमार निषाद ने सौंपा आवेदन, कटावरोधी कार्य व जल निकासी के लिए पक्की नाला निर्माण की उठाई मांग

उदाकिशुनगंज आलमनगर

आलमनगर प्रखंड की गंगापुर पंचायत में कोसी नदी के लगातार हो रहे कटाव से किसानों की सैकड़ों एकड़ उपजाऊ भूमि संकट में है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आलमनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व महागठबंधन विधायक प्रत्याशी एवं पूर्व राजद-वीआईपी नेता ईं. नवीन कुमार निषाद ने जिला पदाधिकारी, मधेपुरा को आवेदन देकर तत्काल कटावरोधी कार्य कराने की मांग की है।आवेदन में कहा गया है कि कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी की धारा हरजोड़ा घाट एवं लुटना के समीप गांव की ओर मुड़ गई है। इससे हरजोड़ा घाट, मड़वाड़ी बासा और लुटना गांव के पास लगभग 500 मीटर क्षेत्र में तेज कटाव हो रहा है। कटाव के कारण हजारों किसानों की करीब 500 एकड़ उपजाऊ खेती योग्य भूमि नदी में समा चुकी है, जबकि कटाव लगातार जारी है।ईं. नवीन कुमार निषाद ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य शुरू नहीं कराया गया तो अगले 10 से 15 दिनों के भीतर गांव के कई घर भी कटाव की चपेट में आ सकते हैं, जिससे जान-माल की भारी क्षति होने की संभावना है।उन्होंने आवेदन में लुटना टोला में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या का भी उल्लेख करते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए लुटना टोला से मड़वाड़ी धार स्थित पुल तक पक्की नाला निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नाला बनने से जल निकासी सुचारु होगी और ग्रामीणों को जलजमाव से राहत मिलेगी।ईं. नवीन कुमार निषाद ने जिला प्रशासन से आपदा राहत मद अथवा अन्य उपलब्ध योजनाओं के तहत तत्काल आवश्यक कदम उठाकर कटावरोधी कार्य शुरू करने, किसानों की खेती योग्य भूमि बचाने तथा ग्रामीणों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Comment