छात्रा से अश्लील व्यवहार और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में निजी शिक्षक गिरफ्तार

उदाकिशुनगंज। मधेपूरा

बिहारीगंज थाना क्षेत्र के सरौनी गांव में छात्रा के साथ कथित अश्लील व्यवहार, यौन शोषण तथा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने एक निजी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार, सरौनी गांव के वार्ड संख्या-6 निवासी विनोद मुखिया के पुत्र मिथिलेश कुमार के खिलाफ छात्रा के पिता ने बिहारीगंज थाना में आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के मुताबिक, छात्रा करीब दो वर्षों से आरोपी शिक्षक के यहां पढ़ने जाती थी। इसी दौरान आरोपी द्वारा उसके साथ कथित रूप से गलत व्यवहार और यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया गया है।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी शिक्षक छात्रा को धमकी देता था कि यदि उसने घटना की जानकारी किसी को दी तो उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित कर देगा। इसी भय के कारण छात्रा ने कथित तौर पर लंबे समय तक अपने परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी।परिजनों के अनुसार, जब छात्रा का रिश्ता दूसरी जगह तय हुआ, तब आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो उसके होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों तक पहुंचा दिए। इसके बाद शादी टूटने और परिवार को सामाजिक परेशानी होने का आरोप लगाया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहारीगंज थाना पुलिस ने आरोपी मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Leave a Comment