उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)
उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में विद्युत चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान 15 उपभोक्ताओं को मीटर बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित जेई के आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।सहायक विद्युत अभियंता विजय कुमार ने बताया कि मधुवन, शाहजादपुर और गोपालपुर पंचायत में अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी की गई। पश्चिमी क्षेत्र में जेई विशाल कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम तथा पूर्वी क्षेत्र में जेई दीपक भगत के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने अभियान चलाया।छापेमारी के दौरान मधुवन पंचायत के तीनटेंगा गांव से मणिकांत मंडल, लालू मंडल, गुरुचरण मंडल, गुलटन मंडल, अरुण मंडल, प्रमिला देवी, भूटो मंडल एवं नेता संजय सिंह को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। वहीं शाहजादपुर पंचायत से बुटन मंडल, मिश्री मंडल, कुंदन मंडल और नारायण मंडल के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया। इसके अलावा गोपालपुर पंचायत के संतोष पासवान और सोनू पासवान तथा मंजौरा पंचायत के पहियारपुर निवासी सोनू पासवान पर भी विद्युत चोरी का मामला दर्ज किया गया है।बिजली विभाग के अनुसार इन मामलों से विभाग को लगभग तीन लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के विरुद्ध आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के बाद बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप का माहौल है।