उदाकिशुनगंज। मधेपूरा
उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बिड़ी रणपाल वार्ड संख्या-03 में मंगलवार को सांप के काटने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश कुमार (पिता – पूछो पासवान) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार महेश कुमार अपने घर के दरवाजे पर रखे जलावन (लकड़ी) को हटाकर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान जलावन के बीच से निकले एक विषैले सांप ने उनके पैर में डंस लिया। सांप के काटते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उदाकिशुनगंज लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। परिजन प्रशासन से मृतक के परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता एवं आपदा राहत उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।