उदाकिशुनगंज (मधेपूरा)
स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों पर रोक की उठाई मांग
थाना क्षेत्र के जमुनिया वार्ड संख्या 22 निवासी 14 वर्षीय देवराज कुमार की सोमवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक अरविंद यादव का इकलौता पुत्र था, जो रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में ही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटेल चौक और कॉलेज के बीच टीवीएस शोरूम के समीप एनएच-106 पर उदाकिशुनगंज से मधेपुरा की ओर जा रहे ट्रक ने छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल देवराज ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजे एवं दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-106 को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।सूचना मिलने पर उदाकिशुनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।

इधर, अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष ने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग पर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही चार स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दिन के समय भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई जाए, जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।