उदाकिशुनगंज। मधेपूरा
प्रखंड क्षेत्र की लश्करी पंचायत स्थित बाड़ाटेनी नाथ बाबा स्थान पर आयोजित तीन दिवसीय त्रिकुंज महायज्ञ शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।महायज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था। यज्ञ के दौरान नेपाल के तराई क्षेत्र से आई महिला कीर्तन मंडलियों ने अपने मधुर भजन एवं संकीर्तन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “हरे राम-हरे कृष्ण” के संकीर्तन से यज्ञ स्थल सहित आसपास का वातावरण लगातार भक्तिमय बना रहा

।आयोजन समिति की ओर से यज्ञ परिसर में 51 देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की स्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। वहीं विद्वान आचार्यों द्वारा तीनों दिनों तक वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन, पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।यज्ञ स्थल पर लगे मेले में मिठाई, श्रृंगार सामग्री, खिलौने तथा अन्य दुकानों पर लोगों की काफी भीड़ देखी गई। बच्चों और युवाओं ने मेले के विभिन्न आकर्षणों का आनंद उठाया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।समापन अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अविनाश कुमार ने यज्ञ स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।यज्ञ को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष राणा कुमार, उपाध्यक्ष संजीव कुमार, सचिव दिलखुश कुमार, कोषाध्यक्ष अमरजीत कुमार सहित समिति के सभी सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे एवं महाप्रसाद की भी व्यवस्था की गई।धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और जनसहभागिता का यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा तथा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।