उदाकिशुनगंज (मधेपुरा), संवाददाता।
उदाकिशुनगंज प्रखंड की बिरी रणपाल पंचायत के वार्ड संख्या-9 में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण के कारण प्रस्तावित विवाह भवन का निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा हुआ है। प्रशासन द्वारा तीन बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।जानकारी के अनुसार, बिहार सार्वजनिक भूमि अतिक्रमण अधिनियम, 1956 के तहत अंचल कार्यालय ने संबंधित पक्ष को कई बार नोटिस जारी कर सरकारी भूमि खाली करने का निर्देश दिया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिवनंदन मुखिया द्वारा भूमि पर अतिक्रमण किया गया है, लेकिन बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अंतिम कार्रवाई अभी तक नहीं की गई है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सरकारी भूमि पर सरकार की योजना के तहत एक भव्य विवाह भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके निर्माण से पंचायत एवं आसपास के ग्रामीणों को विवाह, सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। लेकिन अतिक्रमण के कारण योजना का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों में निराशा और आक्रोश का माहौल है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं अंचल प्रशासन से अविलंब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए विवाह भवन निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सरकार की महत्वपूर्ण जनहितकारी योजना और अधिक विलंब का शिकार हो सकती है।