उदाकिशुनगंज प्रिंस कुमार
उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में एसएच-18 के समीप गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर परिषद के वार्ड नंबर-4 निवासी मंटू मिश्रा के 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, शिवम कुमार अपने घर से बाइक लेकर किसी काम के सिलसिले में पुरैनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप वाहन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद पिकअप वाहन भी सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर उदाकिशुनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाना ले आई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया गया।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि शिवम कुमार अपने परिवार में सबसे छोटे बेटे थे। उनकी मौत की खबर से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।वहीं, स्थानीय लोगों ने एसएच-18 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के साथ सड़क की खराब स्थिति में सुधार और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।