ब्यूरो रिपोर्ट। उदाकिशुनगंज
मधेपुरा, 15 जून। बिहारीगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित ट्रैक्टर चालक हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार 7 जून 2026 की रात मक्का लदे ट्रैक्टर के चालक शिवम शर्मा (30 वर्ष) की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को बिहारीगंज रोड किनारे फेंक दिया गया था। इस संबंध में मृतक के पिता द्वारा बिहारीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच की। जांच के दौरान रूपेश कुमार एवं सोनू कुमार उर्फ रॉकी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूटपाट के दौरान ट्रैक्टर चालक की हत्या करने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा मृतक चालक से छीने गए कागजात भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर लूटने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।— संवाददाता, मधेपुरा