उदाकिशुनगंज(मधेपुरा), संवाददाता
उदाकिशुनगंज नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक में मुख्य बाजार की जनसमस्याओं को लेकर चर्चा उस समय सुर्खियों में आ गई, जब नगर उपसभापति मिकी कुमारी ने बाजार क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को बैठक में उठाने का प्रयास किया। उनका आरोप है कि जैसे ही उन्होंने मुख्य बाजार से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखनी शुरू की, कार्यपालक पदाधिकारी ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और विषय को दरकिनार कर दिया।उपसभापति मिकी कुमारी ने यह भी कहा कि बैठक के दौरान मुख्य बाजार का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी भी वार्ड पार्षद ने इन समस्याओं पर चर्चा कराने या मामले को संज्ञान में लेने की पहल नहीं की। उनका कहना है कि मुख्य बाजार की सड़क, जलनिकासी, सफाई, अतिक्रमण सहित अन्य जनसमस्याओं का समाधान नगर परिषद की प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बोर्ड बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा नहीं होगी, तो आम लोगों की समस्याओं का समाधान कैसे होगा। उन्होंने नगर परिषद से मुख्य बाजार की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की मांग की।हालांकि, इस मामले पर कार्यपालक पदाधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी।
